आप नेताओं पर गुजरात में हुआ हमला, भाजपा को ठहराया दोषी

आम आदमी पार्टी(आप) के नेता इसुदान गढ़वी के काफिले पर बुधवार को गुजरात के जूनागढ़ में उनकी ‘जन संवाद यात्रा’ के दौरान कथित तौर पर हमला किया गया। आप ने आरोप लगाया कि नेताओं इसुदान गढ़वी, प्रवीण राम, महेश सवानी और अन्य के काफिले पर बुधवार को भाजपा की तरफ से हमला किया गया, हालांकि भाजपा ने सभी आरोपों से इनकार किया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर के जरिए भाजपा को इस हमले के पीछे बताया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि, “भाजपा गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में आप के प्रदर्शन और जीत से डरी हुई है। अगर इसुदान और महेश भाई जैसे लोगों पर गुजरात में खुलेआम हमले होते हैं तो इसका मतलब कि गुजरात में कोई भी सुरक्षित नहीं है। यह हमला आपका गुस्से और आपकी हार है।

लोगों का दिल उन्हें अच्छी सुविधाएं मुहैया कराकर जीतिए, ना कि अपने विपक्ष पर हमला कराकर। ये लोग डरे नहीं हैं।” उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से राज्य में आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की बात की। इसकी जानकारी भी उन्होंने ट्वीट करके दी, “विजय रुपाणी जी से बात की। उनसे प्राथमिकी दर्ज कराने, दोषियों की गिरफ्तारी करने तथा आप नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने का आग्रह किया।”

आप ने आरोप लगाते हुए कहा कि जैसे ही इसुदान गढ़वी का काफिला जूनागढ़ पहुंचा,कुछ लोगों ने जो समूह में काले झंडे लेकर खड़े थे, उन पर लोहे की रॉड और छड़ से हमला किया और कई गाड़ियों की तोड़फोड़ मचाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *