पेंशन में बंपर बढ़ोतरी, पत्रकारों को अब ₹15,000, आश्रितों को ₹10,000

बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों के लिए एक बड़ी सौगात दी है। शनिवार को उन्होंने ‘बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’ के तहत मासिक पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹15,000 करने की घोषणा की।

सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पेंशन पाने वाले पत्रकारों की मृत्यु के बाद उनके आश्रित जीवनसाथी को भी अब ₹3,000 की बजाय ₹10,000 मासिक पेंशन दी जाएगी।

नीतीश कुमार ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा, “पत्रकार लोकतंत्र में अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता रही है।”

यह फैसला ऐसे समय आया है जब राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज है। अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित हैं, हालांकि तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

वहीं, बिहार में चल रहे मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान भी जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य के 99.8% मतदाताओं की जानकारी प्राप्त कर ली गई है और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 1 अगस्त 2025 को जारी होगी।

इस फैसले को चुनावी नजरिये से भी अहम माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *