असम के दिग्गज गायक और सांस्कृतिक प्रतीक जुबिन गर्ग की अस्थियां बुधवार को उनकी पत्नी गरिमा गर्ग ने ब्रह्मपुत्र नदी में विसर्जित कीं। यह अनुष्ठान उनके निधन के 37 दिन बाद किया गया, जिसमें उनके परिजनों, दोस्तों और प्रशंसकों ने भावनात्मक विदाई दी।
गुवाहाटी के लचित घाट से एक विशेष नौका की व्यवस्था की गई थी, जिसमें गरिमा, जुबिन की बहन पाल्मे बोर्थाकुर और अन्य करीबी रिश्तेदार नदी के बीच तक गए। संक्षिप्त धार्मिक अनुष्ठानों के बाद गरिमा ने दो मिट्टी के कलशों से अस्थियां ब्रह्मपुत्र में प्रवाहित कीं। इस दौरान वे रोती नजर आईं।
अस्थि विसर्जन के बाद गरिमा ने असमिया भाषा में एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा -“असम की धरती, आसमान, हवा और अब विशाल ब्रह्मपुत्र… तुम हर जगह हो। फिर मिलेंगे किसी दिन, लेकिन अब सच्चाई सामने आनी चाहिए कि उस दुर्भाग्यशाली दिन तुम्हारे साथ क्या हुआ था। #JusticeForZubeenGarg”
जुबिन के करीबी सहयोगी अरुण गर्ग ने भी जोरहाट में उनकी अस्थियां विसर्जित कीं, जो उनका पैतृक स्थान है।
19 सितंबर को जुबिन गर्ग की सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। 23 सितंबर को गुवाहाटी के सोणापुर में राज्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था, जहाँ लाखों प्रशंसकों ने गीतों के साथ अपने प्रिय कलाकार को विदा किया।
