यूपीएसी में फिर बिहार का जलवा, शुभम बने टॉपर, टॉप 10 में 3 बिहारी

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार की शाम को सीएसई मेन 2020 फाइनल का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जिसमें कुल 761 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। आयोग की तरफ से घोषित किए गए परिणाम के अनुसार, बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले शुभम कुमार ने सिविल सेवा परीक्षा 2020 में टॉप किया है।

बिहार के शुभम कुमार ने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई की है। कदवा प्रखंड के कुम्हरी गांव के रहने वाले शुभम ने पूर्णिया जिले के परोरा स्थित विद्या विहार से कक्षा 6 से 10 तक शिक्षा लेने के बाद आगे की पढ़ाई चिन्मयानंद बोकारो से की।

फिर साल 2014 से 2018 तक आईआईटी मुंबई में सिविल इंजीनियरिंग से बीटेक का पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2019 में यूपीएससी में 290 रैंक लाए। वह अभी इंडियन डिफेंस अकाउंट सर्विस पुणे में पदस्थापित हैं। पिता देवानंद सिंह पूर्णिया में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में शाखा प्रबंधक और माता पूनम देवी गृहिणी हैं।

टॉप टेन में सातवें स्थान पर जमुई के प्रवीण कुमार और दसवें पर समस्तीपुर के सत्यम गांधी भी बिहार के ही हैं। इनके अलावा किशनगंज के अनिल बसाक ने 45वीं रैंक और पूर्णिया के आशीष मिश्रा ने 52 वीं रैंक पर बाज़ी मारी।

सातवीं रैंक लाने वाले प्रवीण कुमार जमुई जिले के चकाई के हैं।  आईआईटी कानपुर से पढ़े प्रवीण 2018 में भारतीय रेल सेवा के लिए चुने गए थे जिसकी ट्रेनिंग अभी वडोदरा में चल रही है।

प्रवीण ने जसीडीह के रामकृष्ण मिशन से प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने के बाद मैट्रिक और इंटर सीबीएसई से किया। उनके पिता सीताराम वर्णवाल दवा की दुकान चलाते हैं। सिविल सेवा में उन्हें यह सफलता दूसरे प्रयास में मिली है।

वहीं, यूपीएससी सिविल सेवा 2020 में 10वां रैंक हासिल करने वाले सत्यम गांधी है। बिहार के समस्तीपुर के सत्यम के परिणाम के बारे में खबर सुनते ही उनके पैतृक गांव दिघड़ा में जश्न का माहौल बन गया। उन्होंने राजनीतिक शास्त्र विषय में दयाल सिंह कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है। यह सत्यम का पहला ही प्रयास था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *