सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ वायरल हो जाता है। हम नही जानते कि कब किस मकसद से शूट किया गया वीडियो या लिखा गया पोस्ट टॉप ट्रेंड में शामिल हो जाए। आज ऐसी ही एक वीडियो के बारे में हम बताएंगे जो रातोंरात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
यह वीडियो है दिल्ली के मालवीयनगर में एक छोटा सा ढाबा चलाने वाले एक बुजुर्ग दंपत्ति का और इसे शेयर किया था वसुंधरा नाम की एक यूजर ने।
इस वीडियो में बुजुर्ग कोरोना काल में होने वाली परेशानियों और कम बिक्री के साथ आजीविका पर संकट की बात करते हुए भावुक हो जाते हैं। इस वीडियो को शूट करने वाले लोग लोगों से इस बुजुर्ग दंपत्ति के ढाबे जिसका नाम ‘बाबा का ढाबा’ है पर जाने और खाने का स्वाद लेने की अपील करते नजर आ रहे हैं।
बस यहीं से इसकी शुरुआत हुई। अब तक इस वीडियो को दस लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। दिल्ली के विधायक सोमनाथ भारती भी इस वीडियो से प्रभावित हुए और बुजुर्ग दंपत्ति की मदद करने पहुंचे।
इसके अलावा अन्य लोगों का हुजूम भी अब इस दुकान पर उमड़ पड़ा है। लोग बाबा का ढाबा पर खाने का स्वाद लेने और 80 वर्षीय बुजुर्ग दंपत्ति के मदद के मकसद से भारी तादाद में जुट रहे हैं।
कल तक बिक्री के लिए भावुक होने वाले दंपत्ति के चेहरे पर आज खुशी है। इसके अलावा बाबा का ढाबा आज ट्विटर के टॉप ट्रेंड में शामिल है। देखें वायरल वीडियो-
