ई-रिक्शा में चार्जिंग के दौरान लगी आग, 2 की हालत गंभीर

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर के फर्श बाजार इलाके में रविवार तड़के एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना की जानकारी सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस और दमकल विभाग को मिली। आग लगने के कारण पूरे घर में धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद परिवार के छह सदस्य बेहोश हो गए।

पुलिस के अनुसार, आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े ई-रिक्शा को चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। घर के भीतर मौजूद लोग सो रहे थे और धुएं से उनका दम घुटने लगा। कैट्स एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि जिस गली में यह घटना हुई, वहां तीन से चार ई-रिक्शा खड़े थे। आग और धुएं के कारण स्थिति गंभीर हो गई थी। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाया।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दो मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *