दिल्ली की नैनी झील बनेगी नया टूरिस्ट हॉटस्पॉट, लेजर शो से लेकर शिकारा बोट तक कई आकर्षण होंगे शामिल

दिल्ली के मॉडल टाउन स्थित नैनी झील को अब एक भव्य और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। दिल्ली सरकार के पर्यटन और विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने हाल ही में झील का दौरा कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की। उनके साथ स्थानीय विधायक अशोक गोयल, पर्यटन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

झील में आएगा “वेनिस वाला” रोमांच

सरकार इस झील का कायाकल्प दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) के माध्यम से कर रही है। इसके तहत झील के बीच स्थित छोटे द्वीप (आइलैंड) पर भव्य लेजर शो शुरू किया जाएगा। साथ ही, दो एलईडी फव्वारे लगाए जाएंगे, जो 20 फीट ऊंचे और 30 फीट चौड़े होंगे, जिससे शाम का नज़ारा और भी मंत्रमुग्ध कर देने वाला होगा।

नौकायन और एडवेंचर का भी मिलेगा मजा

पर्यटकों के मनोरंजन के लिए एलईडी लाइट से सजी शिकारा बोट, रेसिंग बोट, वॉटर स्कूटर और वेनिस स्टाइल की गोंडोला बोट चलाई जाएंगी। झील में न्यूमैटिक सिस्टम लगाया जाएगा जो आर्टिफिशियल लहरें पैदा करेगा और साथ ही पानी में ऑक्सीजन का स्तर भी बढ़ाएगा।

झील किनारे कैफे और सांस्कृतिक उत्सव

झील के किनारों पर छोटे कैफे बनाए जाएंगे, जिनमें एक समय में 15-20 लोग बैठ सकेंगे। इसके अलावा, हर साल सर्दियों में नैनी झील फेस्टिवल और देव दीपावली जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देंगे।

प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण का भी होगा ध्यान

झील के आसपास पाम के पेड़, सजावटी पौधे, और बत्तख व हंस जैसे पक्षी लाए जाएंगे, जिससे न सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी बेहतर होगा।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की सभी झीलों को संवारा जाएगा ताकि राजधानी में पर्यटन को नया आयाम और पर्यावरण को नया जीवन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *