भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक जड़कर भारत को रिकॉर्ड रन चेज़ में जीत दिलाई। 339 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जेमिमा ने नाबाद 127 रन बनाए और टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में भावुक होते हुए जेमिमा ने खुलासा किया कि खेल के दौरान एक पल ऐसा भी आया जब उन्हें लगा कि वे आगे नहीं खेल पाएंगी। “जब मैं 85 के आसपास थी, तब बहुत थक गई थी। मैंने दीप्ति से कहा, ‘दीपू, मुझसे नहीं हो रहा, मुझसे बात करती रहना।’ हर गेंद पर दीप्ति मुझे हौसला देती रही,” जेमिमा ने कहा। उन्होंने बताया कि दीप्ति शर्मा ने न सिर्फ उनका हौसला बढ़ाया, बल्कि उनके एक रन के लिए अपनी विकेट भी कुर्बान की। “जब वो आउट होकर वापस जा रही थी, उसने कहा — ‘कोई ना, तू मैच खत्म करके आ।’”
जेमिमा ने टीम के योगदान की भी सराहना की, “ये जीत केवल मेरी नहीं, साझेदारियों की जीत है। दीप्ति, रिचा और अमनजोत की छोटी-छोटी पारियों ने बहुत दबाव कम किया। हारमन और मैंने पहले भी अच्छी साझेदारी की है, लेकिन इस बार हमने मैच खत्म किया।” अंत में उन्होंने कहा, “हमने बहुत कुछ हासिल किया है, अब बस एक कदम और — फाइनल जीतना बाकी है।”
