करौली राजस्थान के सपोटरा के बुकना गाँव में मंदिर की ज़मीन पर चल रहे विवाद को लेकर कथित रूप से मंदिर के पुजारी को कुछ लोगों ने जिंदा जलाया, जिसके बाद कल रात पुजारी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।
राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
इस बारे में जानकारी देते हुए जिले के एसपी मृदुल कच्छवा ने बताया कि पुजारी बाबूलाल ने अस्पताल में पुलिस को एक बयान दिया था कि आरोपी कैलाश मीणा और उनके बेटों समेत कुछ लोग मंदिर की ज़मीन पर अवैध रूप से कब्ज़ा करना चाहते थे जिसके बाद विवाद के दौरान आरोपियों ने बाड़े को आग लगा दी जिसमें पुजारी गंभीर रूप से जल गए थे।
एसपी ने आगे बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी कैलाश मीणा को कल रात गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में हमारी 6 टीमें फील्ड में काम कर रही है और बाकी बचे हुए आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग की,हमने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके प्रस्ताव को सरकार तक भेजा जाएगा। वे स्थानीय पुलिस (जिसने लापरवाही बरती) के खिलाफ भी कार्रवाई चाहते हैं,हमने आश्वासन दिया कि 24 घंटों के अंदर पुलिस जांच पूरी कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी।
इस मामले पर दुख व्यक्त करते हुए राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि, “सपोटरा,करौली में बाबूलाल जी की हत्या अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है,सभ्य समाज में ऐसे कृत्य का कोई स्थान नहीं है।
प्रदेश सरकार इस दुखद समय में शोकाकुल परिजनों के साथ है। घटना के प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं कार्रवाई जारी है।दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
