एक दशक पुरानी रंजिश और मां की बेइज़्ज़ती का बदला लेने के लिए सोनू कश्यप नामक युवक ने चार दोस्तों के साथ मिलकर मनोज नामक व्यक्ति की हत्या कर दी। हत्या के बाद हुई शराब, पार्टी और सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की राह आसान कर दी।
पुलिस के मुताबिक, करीब 10 साल पहले मनोज ने सोनू की मां के साथ मारपीट की थी और फिर लखनऊ छोड़कर भाग गया था। सोनू ने तब से बदले की ठान ली थी। तीन महीने पहले वह मनोज को मुंशी पुलिया इलाके में दोबारा देख बैठा। इसके बाद सोनू ने रंजीत, आदिल, सलामू और रहमत अली के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
22 मई को, जब मनोज अपनी नारियल पानी की दुकान बंद कर घर लौट रहा था, तभी पांचों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। वह इलाज के दौरान मौत के मुंह में चला गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। तभी सोशल मीडिया पर पार्टी की कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें एक आरोपी वही नारंगी टी-शर्ट पहने दिखा जो हत्या के समय सीसीटीवी में था।
यही तस्वीरें पुलिस के लिए सबूत बनीं और पांचों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। मामले की जांच जारी है।
