दुनिया भर में कोरोना महामारी के कहर के बीच अन्य दुखद ख़बरों के आने का सिलसिला भी अनवरत जारी है। इसी क्रम में एक खबर आ रही है कांगो से। यहां सोने की एक खदान ढहने की वजह से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है। खबरों में इस बात की भी आशंका जताई गई है कि मृतकों और घायलों की संख्या और बढ़ सकती है।
स्थानीय एनजीओ की तरफ से इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया गया है कि आज कांगो गणराज्य के कामीतुगा में सोने की एक खदान धंसने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा डेट्रॉयट खदान साइट पर भारी बारिश के चलते लगभग 3 बजे हुआ। धंसान ऐसी थी कि कोई भी बाहर निकल न सका और अंदर फंस गए। राहत कार्य जारी हैं।
आपको बता दें कि कांगो में खदान धंसने की इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले 2019 में दो अलग अलग खदान दुर्घटना में कम से कम 59 लोगों की जान चली गई थी जबकि सैकड़ों घायल हुए थे। यहां होने वाली दुर्घटनाओं के पीछे भारी बारिश, भूस्खलन और सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज करने जैसे कारण अहम हैं।