बिहार चुनाव में सामने आया जिन्ना का जिन्न, बीजेपी-कांग्रेस में ठनी

बिहार विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब तेज और तीखा होने लगा है। कहीं संपत्ति को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं तो कहीं नेताओं को हैसियत बताई जा रही है। इन सब बातों और विवादों के बीच असली और विकास के मुद्दे गौण हैं। इसी बीच अब बिहार विधानसभा चुनावों में जिन्ना का जिन्न एक बार फिर बाहर निकल आया है। कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची आने के बाद इसपर बीजेपी ने सवाल उठाए और अब दोनों दल इस मुद्दे पर आमने सामने हैं।

दरअसल यह सारा विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव में दरभंगा जिले की जाले सीट पर मसकूर अहमद उस्मानी को अपना उम्मीदवार बनाया। आपको बता दें कि उस्मानी अलीगढ़ विश्वविद्यालय में जिन्ना की तस्वीर को लेकर हुए विवाद के दौरान सुर्खियों में रहे थे। अब इसी को लेकर बीजेपी की तरफ से सवाल खड़े किये गए हैं।

उस्मानी को टिकट दिए जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस-राजद महागठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने जाले सीट से मोहम्मद अली जिन्ना से ‘सहानुभूति’ रखने वाले को खड़ा किया है। उन्होंने साथ ही जानना चाहा कि क्या दोनों पार्टियां पाकिस्तान के संस्थापक जिन्ना की विचारधारा का समर्थन करती हैं? इसके साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि क्या शरजील इमाम जैसे लोग महागठबंधन के स्टार प्रचारक होंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *