फिलहाल सिद्धू बने रहेंगे पंजाब कांग्रेस के कैप्टेन

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में कांग्रेस कमिटी का अध्यक्ष बने रहना स्वीकार कर लिया है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की।

इस दौरान पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत भी उनके साथ मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को 24 अकबर रोड (कांग्रेस मुख्यालय) पर करीब सवा घंटे तक चली बैठक में पंजाब सरकार और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई तथा सहमति बनाने का प्रयास हुआ, ताकि चुनाव से पहले पूरी पार्टी एकजुट होकर मैदान में उतर सके।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हरीश रावत ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि, “उन्होंने (सिद्धू) राहुल गांधी से कहा कि वो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में अपनी ड्यूटी शुरू कर रहे हैं। हमारे लिए इस्तीफ़े का मामला खत्म हो गया है।

उन्होंने राहुल गांधी के साथ अपनी चिंताओं को शेयर किया। हमने उनसे कहा है कि उनकी चिंताओं का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी को आश्वासन दिया कि उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है और वह पंजाब कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष के रूप में अपने कर्तव्यों को फिर से शुरू करेंगे।” 

इसके बाद सिद्धू ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि आज राहुल गांधी से मुलाकात पर विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। सिद्दू ने बताया कि सभी मुद्दों को सुलझा लिया गया है। वह अपना इस्तीफा वापस लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *