मुंगेर मामले पर राजनीति शुरू, संजय राउत, चिराग, कांग्रेस ने की नीतीश-मोदी को हटाने की मांग

बिहार के मुंगेर में कल आगजनी और उपद्रव की घटना पर अब राजनीति शुरू हो गई है। इस मसले पर अब लगभग सभी राजनीतिक दलों ने सरकार को अपने निशाने पसर लिया है। शिवसेना सांसद संजय राउत से लेकर लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने जहां सवाल उठाए हैं वहीं कांग्रेस ने राज्यपाल से मुलाकात कर सीएम नीतीश और डिप्टी सीएम सुशील मोदी को हटाने की मांग की है।


मुंगेर मामले पर बोलते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा,’मुंगेर में हुई घटना हिंदुत्व पर हमला है अगर ऐसी घटना महाराष्ट्र या पश्चिम बंगाल में होती थी, तो वहां के राज्यपाल और भाजपा नेता राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करते थे, लेकिन अब तक न बिहार के राज्यपाल और न ही भाजपा नेता ने कोई सवाल उठाया है।’


चिराग पासवान ने सीएम नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा,’जिम्मेदारी पूरी तरह से मुख्यमंत्री की बनती है, पता करें कि किस के निर्देश पर गोलियां चलीं, किसी ने तो आदेश दिए होंगे। बिना किसी के आदेश के गोली तो नहीं चलेगी।’


इसके अलावा कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात के बाद कहा,’आज कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर मुंगेर में हुई घटना पर व्यापक चर्चा की। हमने मांग रखी कि नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी को सीएम और डिप्टी सीएम के पद से हटाया जाए व मृतक अनुराग कुमार के परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए।’
वहीं मुंगेर के डीआईजी मनु महाराज ने मुंगेर की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए कहा,’अभी स्थिति सामान्य है। हमने अभी फ्लैग मार्च निकाला। हम लोग स्थिति की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। जिन लोगों ने कल उपद्रव किया उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *