बिहार- नीतीश कैबिनेट में मंत्री कपिलदेव कामत का कोरोना से निधन, सीएम ने जताया शोक

बिहार विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन, प्रचार और आरोप प्रत्यारोप के जारी दौर के बीच एक बड़ी खबर नीतीश सरकार में पंचायती राज मंत्री रहे कपिलदेव कामत को लेकर आ रही है।

जानकारी के मुताबिक कोरोना से संक्रमित कपिलदेव कामत का पटना एम्स में निधन हो गया है। वह किडनी की समस्या से ग्रसित थे और बाद में कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। इसके बाद से वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।


बिहार सरकार में मंत्री कपिलदेव कामत से पहले एक और मंत्री विनोद सिंह का निधन भी कोरोना की चपेट में आने की वजह से हो गया था। अपने सहयोगी कपिलदेव कामत के निधन पर सीएम नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में सीएम ने कहा कि कपिलदेव कामत जमीन से जुड़े राजनेता थे। कैबिनेट में मेरे सहयोगी और एक कुशल प्रशासक थे। उनके असामयिक निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है।


सीएम ने यह भी कहा कि कोविड-19 के लिए वर्तमान में लागू दिशा-निर्देश के तहत राजकीय सम्मान के साथ मंत्री कपिलदेव कामत का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों और प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *