टाइम पत्रिका में मोदी, ममता सहित कई भारतीयों के नाम हुए शामिल, जानें

टाइम पत्रिका ने वर्ष 2021 के लिए अपनी 100 प्रभावशाली लोगों की लिस्ट जारी कर दी है। टाइम द्वारा जारी 2021 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में इसबार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला शामिल हैं। टाइम द्वारा दिए गए परिचय में प्रधानमंत्री के लिए कहा गया है कि “एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत के 74 वर्षों में, तीन प्रमुख नेता रहे हैं – जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और मोदी। नरेंद्र मोदी तीसरे नेता हैं जो देश की राजनीति में प्रभावी हैं…”

वहीं, ममता बनर्जी के परिचय में कहा गया है कि “बनर्जी के बारे में कहा जाता है, वह अपनी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस का नेतृत्व नहीं करती हैं -वही पार्टी हैं। सड़क पर उतरकर जुझारू तेवर दिखाने वाली भावना और पितृसत्तात्मक संस्कृति में स्व-निर्मित जीवन उन्हें औरों से अलग बनाता है।”

पूनावाला के लिए “कोविड-19 महामारी की शुरुआत से, दुनिया के सबसे बड़े टीका निर्माता के 40 वर्षीय प्रमुख ने ‘इस पल की जरूरत को पूरा करने की कोशिश की। महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, और पूनावाला अब भी इसे समाप्त करने में मदद कर सकते हैं। टीका असमानता गंभीर है, और दुनिया के एक हिस्से में टीकाकरण में देरी के वैश्विक परिणाम हो सकते हैं – जिसमें और अधिक खतरनाक रूपों के उभरने का जोखिम भी शामिल है।” लिखा गया।

तालिबान के सह-संस्थापक मुल्ला अब्दुल गनी बरादर का नाम भी मैगजीन की ‘2021 के सबसे प्रभावशाली लोगों’ की सूची में शामिल है। बरादर को अफगानिस्तान में अंतरिम तालिबान शासन के प्रमुख मुल्ला अखुंद का डिप्टी बनाया गया है। तालिबान के सह-संस्थापक बरादर का परिचय देते हुए मैगजीन ने उन्हें ऐसा शांत, रहस्यमय व्यक्ति बताया जो शायद ही कभी सार्वजनिक बयान या साक्षात्कार देता हो।

टाइम की ये लिस्ट 6 श्रेणियों में विभाजित की गई है इनमें पायनियर, आर्टिस्ट, लीडर, आइकॉन, टाइटन और इन्नोवेटर को शामिल किया है। हर श्रेणी में दुनियाभर से लोगों को एडिटर्स द्वारा बेहद रिसर्च के बाद शामिल किया जाता है और जिसे काफी भरोसेमंद भी माना जाता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *