मूस वाला हत्याकांड : पंजाबी सिंगर को गोली मारने वाले गैंगस्टर को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सोमवार को लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया हैं। इन दोनों में से अंकित नाम का एक गैंगस्टर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूस वाला की हत्या में शामिल शूटरों में शामिल था।

अंकित नाम का गैंगस्टर उन शूटरों में शामिल था, जिन्होंने 29 मई को पंजाब के मनसा जिले के जवाहरके गांव में मूस वाला को गोली मार दी थी। वह राजस्थान में हत्या के प्रयास के अन्य जघन्य मामलों में भी शामिल था। अन्य आरोपी सचिन भिवानी सिद्धू मूसेवाला मामले के चार निशानेबाजों को शरण देने के लिए जिम्मेदार था।

दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को कश्मीरी गेट बस स्टैंड के पास से दबोचा. इनके पास से नौ एमएम बोर की एक पिस्टल, दस कारतूस, एक 30 एमएम की पिस्तौल, नौ कारतूस, पंजाब पुलिस की तीन वर्दी और एक डोंगल के साथ दो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया हैं।

20 जून को दिल्ली पुलिस ने गुजरात के कच्छ जिले के बरोई गांव में दो शार्पशूटर प्रियव्रत फौजी और कुलदीप उर्फ ​​कशिश को खारी-मीठी रोड से गिरफ्तार किया था। हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरफ्तार होने से पहले उन्होंने घटना के बाद 58 बार अपने ठिकाने बदले थे।

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के कमिश्नर एचजीएस धालीवाल ने कहा था कि शूटर अंकित और दीपक प्रियव्रत फौजी और कशिश के साथ बोलेरा में थे, जिन्होंने पीछे से मूस वाला के वाहन को रोक लिया, अन्य शूटरों जगरूप और मनप्रीत मन्नू ने सामने से गायक के वाहन पर हमला किया।

पूछताछ के दौरान, फौजी ने यह भी खुलासा किया कि गायक की हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और गोला-बारूद घटना से ठीक एक घंटे पहले मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों द्वारा दिए गए थे।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हत्यारे कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बरार के संपर्क में थे, जो उन्हें इंटरनेट फोन के जरिए निर्देश दे रहा था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *