“दिल्ली बने ‘इंद्रप्रस्थ'”- भाजपा सांसद ने अमित शाह को भेजा पत्र, ऐतिहासिक पहचान से जोड़ने की मांग

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ’ करने की मांग की है। उन्होंने साथ ही पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम ‘इंद्रप्रस्थ जंक्शन’ और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम ‘इंद्रप्रस्थ एयरपोर्ट’ रखने का सुझाव दिया है।

खंडेलवाल ने अपने पत्र की प्रति दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य मंत्रियों को भी भेजी है। उन्होंने लिखा कि यह कदम दिल्ली की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जड़ों को पुनर्जीवित करेगा।

“दिल्ली का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है और यह भारतीय सभ्यता की आत्मा को समेटे हुए है। पांडवों द्वारा स्थापित ‘इंद्रप्रस्थ’ शहर हमारी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है,” सांसद ने कहा।

उन्होंने राजधानी में पांडवों की भव्य प्रतिमाएं लगाने का भी सुझाव दिया, जिससे नई पीढ़ी को उनके धर्म, नीति और साहस की प्रेरणा मिल सके।

खंडेलवाल ने तर्क दिया कि जैसे प्रयागराज, अयोध्या, उज्जैन और काशी ने अपनी प्राचीन पहचान से नाता जोड़ा है, वैसे ही दिल्ली को भी उसके मूल नाम से जोड़ा जाना चाहिए।

“यह बदलाव न केवल ऐतिहासिक न्याय होगा, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में बड़ा कदम होगा,” उन्होंने कहा।

गौरतलब है कि हाल ही में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी ऐसी ही मांग की थी, ताकि दिल्ली की पहचान को महाभारत युग के इंद्रप्रस्थ से जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *