भारत आज अपना नया उपराष्ट्रपति चुनेगा। इस चुनाव में एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया ब्लॉक’ ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। यह चुनाव उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के जुलाई में स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफे के बाद हो रहा है। मतदान संसद भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके बाद बैलेट बॉक्स सील होंगे और शाम 6 बजे से गिनती शुरू होगी। नतीजे देर रात तक आने की संभावना है।
उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों—लोकसभा और राज्यसभा—के सभी सांसद करते हैं। इसमें निर्वाचित और मनोनीत दोनों तरह के सांसद शामिल होते हैं। फिलहाल 788 सांसद वोट डालने के पात्र हैं।चुनाव आयोग पूरी प्रक्रिया की निगरानी करता है। इस बार राज्यसभा के महासचिव प्रमोद चंद्र मोदी को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उम्मीदवार बनने के लिए भारतीय नागरिक होना, न्यूनतम 35 वर्ष की आयु, राज्यसभा सदस्य बनने की योग्यता और लाभ का कोई पद न होना ज़रूरी है।यह चुनाव गुप्त मतदान और सिंगल ट्रांसफरेबल वोट प्रणाली से होता है।
सांसद उम्मीदवारों को प्राथमिकता के क्रम में अंक देते हैं—पहली पसंद “1”, दूसरी “2” और आगे। 50% से ज़्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार उपराष्ट्रपति चुना जाता है। अगर पहले राउंड में बहुमत न मिले, तो सबसे कम वोट पाने वाले को बाहर कर दिया जाता है और उसके वोट अगली पसंद को ट्रांसफर हो जाते हैं।उपराष्ट्रपति देश का दूसरा सबसे बड़ा संवैधानिक पद है और राज्यसभा के सभापति की भूमिका निभाता है।
