मेघालय के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने पत्नी सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बनाते हुए 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। हत्या, सबूत मिटाने और साज़िश रचने के आरोप में कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस के अनुसार, सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और तीन अन्य – आकाश राजपूत, आनंद कुर्मी और विशाल सिंह चौहान के साथ मिलकर 23 मई को मेघालय में अपने पति की हत्या कर दी। शादी को महज़ 12 दिन हुए थे और दंपति हनीमून पर थे। राजा का शव 2 जून को जंगल में मिला था।
चार्जशीट भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (I) (हत्या), 238 (a) (सबूत मिटाना), और 61 (2) (षड्यंत्र) के तहत दाखिल की गई है।
जांच में सामने आया कि सोनम शादी से पहले से ही राज के साथ रिश्ते में थी। हत्या के बाद वह उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर में छिपी हुई थी और 8 जून को आत्मसमर्पण कर दिया। 11 जून को उसने हत्या की बात कबूल की।
तीन अन्य आरोपी – सिलॉम जेम्स, लोकेन्द्र तोमर और बलबीर अहिरबार पर सबूत छुपाने के आरोप हैं; वे ज़मानत पर बाहर हैं। इनके खिलाफ जल्द ही पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
इस सनसनीखेज़ मामले ने पूरे देश को हिला दिया है। सोनम के भाई ने भी उससे सभी रिश्ते तोड़ लिए हैं और राजा के परिवार के साथ न्याय की लड़ाई में खड़े होने की बात कही है।
