अपने अलग-अलग रूप व हरकतों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले तेजप्रताप ने अब सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाई है। उन्होंने अपना नया फेसबुक पेज बनवाया है जिसे ‘सेकंड लालू तेजप्रताप यादव’ नाम दिया गया है।
इस पेज के जरिये उन्होंने अपनी सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। ‘सेकेंड लालू तेजप्रताप यादव’ नाम के इस पेज पर एक लाइव के दौरान राजद नेता ने इसका उद्देश्य भी बताया। तेजप्रताप ने कहा कि वे जहां भी जाते हैं लोग उनमें लालू प्रसाद यादव का अक्स देखते हैं।
उन्हीं के डिमांड पर इसके जरिए अपने समर्थकों से जुड़ रहे हैं। इस पेज के माध्यम से वह लालू की विचारधारा को लेकर लोगों के बीच जाएंगे। लाइव के दौरान तेजप्रताप ने बताया कि यह पेज सौरभ शर्मा द्वारा बनाया गया है, जिसके लिए वो उनका धन्यवाद करते हैं।
साथ ही, पिता लालू के स्वास्थ्य की बात करते हुए कहा कि वो जल्द स्वस्थ हों ऐसी उनकी कामना है। इस फेसबुक पेज के जरिये तेजप्रताप अपने समर्थकों से लाइव रूबरू होकर सवालों के जवाब देते नजर आए। उन्होंने इस दौरान कोरोना महामारी, बेरोजगारी, अस्पताल और शिक्षा जैसे मुद्दों पर बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने खुद का परिचय ‘सेकंड लालू तेज प्रताप’ के रूप में ही दिया है। वहीं,इस मौके पर श्रावन मास की धर्मावलंबियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा-“आपकी जो भी समस्या हो, कुछ आपको प्रॉब्लम हो रही हो, आप हमारे साथ जुड़िए, हम उसका समाधान करने की कोशिश करेंगे।”
उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोगों के डिमांड का यह फल है। फेसबुक पर लाइव आए राजद नेता ने बिहार की नीतीश कुमार सरकार को घेरा और बिहार विधानसभा में विधायकों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि उनके पिता को भी दबाने व जेल भेजने का काम किया गया। “हमारे खिलाफ सीबीआई, ईडी को लगाया गया। हमारे पिता ने देश के पिछड़े वर्ग के लिए संघर्ष किया और आज भी वही कर रहे हैं। मैं वादा करता हूं कि हम इनकी सरकार को गिराकर रहेंगे।
हम चुप बैठने वालों में से नहीं हैं। आप हमसे जुड़े, इसके लिए आप सबका शुक्रिया अदा करता हूं” तेज प्रताप ने कहा। उन्होंने वादा किया कि वे आगे भी इस पेज पर लाइव आते रहेंगे और चाहने वालों के साथ जुड़ते रहेंगे।
Read More
