आतिशी मार्लेना अब दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। आम आदमी पार्टी से केजरीवाल के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए आतिशी के नाम का ऐलान किया गया है। इस ऐलान के बाद से ही राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल चर्चा में आ गई हैं। दरअसल स्वाति मालीवाल ने आतिशी के सीएम बनने की घोषणा के बाद से ही उनपर कई आरोप लगाते हुए निशाना साधना शुरू कर दिया है।
स्वाति ने एक्स पर एक वीडिया मैसेज में कहा, “आज दिल्ली के लिए बहुत दुखद दिन है. आज दिल्ली की मुख्यमंत्री ऐसी महिला आतिशी बनने जा रही हैं, जिनके अपने परिवार ने आतंकवादी अफजल गुरु को फांसी की सजा से बचाने के लिए एक लंबी लड़ाई लड़ी. उनके अपने माता-पिता ने कई बार राष्ट्रपति को दया याचिकाएं भेजीं कि अफजल गुरु को फांसी न हो. अफजल गुरु निर्दोष है और राजनीतिक साजिश का शिकार बन गया है. ये कितनी गलत बात है. आज आतिशी मुख्यमंत्री बनेंगी लेकिन हम सब जानते हैं कि वो सिर्फ एक कठपुतली सीएम बनेंगी. लेकिन फिर भी ये मुद्दा बहुत बड़ा है क्योंकि वो मुख्यमंत्री बनेंगीं और ये मुद्दा सीधे-सीधे दिल्ली और देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है. भगवान बचाएं दिल्ली वालों को ऐसे मुख्यमंत्रियों से.”
स्वाति ने इस पोस्ट के साथ आतिशी के माता-पिता की तस्वीर, कथित तौर पर दया याचिका और एक वीडियो क्लिप भी पोस्ट किया है।
स्वाति मालीवाल ने आगे लिखा, “उनके हिसाब से अफ़ज़ल गुरु निर्दोष था और उसको राजनीतिक साज़िश के तहत फँसाया गया था। वैसे तो आतिशी मार्लेना सिर्फ़ ‘Dummy CM’ है, फिर भी ये मुद्दा देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। भगवान दिल्ली की रक्षा करे!”
