बिहार विधानसभा चुनावों में मिली जीत से गदगद हैं पीएम मोदी, जानें क्या कुछ कहा

बिहार विधानसभा चुनावों में सभी अनुमान और आकलन को झुठलाते हुए बिहार का जनादेश एनडीए के पक्ष में गया है। अब पीएम मोदी ने खुद इस जनादेश के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया है। कल बिहार विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद पीएम मोदी दिल्ली स्थित बीजेपी कार्यालय पहुंचे और अपने संबोधन में बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया। पढ़ें मुख्य बातें-


मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं, देश के कोटि-कोटि नागरिकों का: पीएम मोदी


चुनाव नतीजों में हार-जीत अपनी जगह है लेकिन चुनाव की ये प्रक्रिया ही हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है।इसलिए मैं पूरे देश को बधाई देता हूं, कोटि-कोटि देशवासियों का धन्यवाद करता हूँ: पीएम मोदी


इन चुनावों को सफलतापूर्वक, शांतिपूर्वक, संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग, देश के सुरक्षाबल और स्थानीय प्रशासन भी बधाई के पात्र हैं: पीएम मोदी

कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था। लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं, कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत के ताक़त की पहचान करा दी है: पीएम मोदी


ये चुनावी नतीजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा जी की कुशलता और प्रभावी रणनीति का भी परिणाम है: पीएम मोदी

कल जो चुनाव नतीजे आए, उसका निहितार्थ बहुत गहरा है, उसके मायने बहुत बड़े हैं।लोकसभा चुनाव में जो नतीजे आए थे, ये उसका और व्यापक विस्तार है: पीएम मोदी


भारतीय जनता पार्टी पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया।भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती।भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विजय प्राप्त हुई।और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटका-तेलंगाना में सफलता मिली: पीएम मोदी


भाजपा ही एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी है जिसका परचम लोगों ने पूरे देश में फहराया है।कभी हम दो सीट पर थे, दो कमरों से पार्टी चला करती थी, आज हिंदुस्तान के हर कोने में हैं, हर किसी के दिल में हैं: पीएम मोदी


भारत के लोग, 21वी सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा।हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो, देश के काम से मतलब रखो: पीएम मोदी


कल जो नतीजे आए, उन्होंने साबित कर दिया है कि आप काम करेंगे, तो लोगों से आपको भरपूर आशीर्वाद भी मिलेगाआप खुद को समर्पित करेंगे, चौबीसों घंटे देश के विकास के बारे में सोचेंगे, कुछ नया करने की चेष्टा करेंगे, तो आपको नतीजे भी मिलेंगे: पीएम मोदी


कल के नतीजों में देश की जनता ने फिर ये तय कर दिया है कि 21वी सदी में देश की राजनीति का मुख्य आधार- सिर्फ और सिर्फ विकास ही होगा: पीएम मोदी

कई बार कहा जाता है कि बैंक खाते, गैस कनेक्शन, घर, स्वरोजगार के लिए सुविधाएं, अच्छी सड़कें, अच्छे रेलवे स्टेशन, बेहतर हवाई अड्डे, नदियों पर बनते आधुनिक पुल, इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसे मुद्दे कोई अहमियत नहीं रखते।जनता ऐसे लोगों को बार-बार ये कह रही है कि असली मुद्दे यही हैं: पीएम मोदी


देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है।जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गयी है: पीएम मोदी


आज देश, भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है।हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए: पीएम मोदी


हम हर वो फैसला लेंगे जो देशहित में हो, देश के लोगों के हित में हो: पीएम मोदी

आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं, अपना भविष्य देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है: पीएम मोदी


आज भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं के साथ ही हर क्षेत्र के गौरव को भी उतने ही गर्व के साथ अपने साथ लेकर चलती है: पीएम मोदी

आज देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है तो वो भाजपा है। दलितों-पीड़ितों-शोषितों की अगर कोई आवाज है, तो वो भाजपा है। देश के मध्यम वर्ग के सपनों को पूरा करने के लिए कोई दिन-रात प्रयास कर रहा है, तो वो भाजपा है: पीएम मोदी


महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए, उनकी गरिमा-गौरव सुनिश्चित करने के लिए जिस पार्टी पर भरोसा किया जा रहा है, तो वो भाजपा है: पीएम मोदी

आर्थिक सुधार हो, कृषि सुधार हों या फिर देश की सुरक्षा, शिक्षा की बात हो, नई व्यवस्थाओं की बात हो या फिर किसानों-श्रमिकों का हित, ये भाजपा ही है जिस पर देश आज सबसे ज्यादा भरोसा कर रहा है। ये भरोसा भाजपा के लिए, मेरे लिए, आपके प्रधानसेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है: पीएम मोदी


भाजपा की सफलता के पीछे उसका गवर्नेंस मॉडल है।जब लोग गवर्नेंस के बारे में सोचते हैं, तो भाजपा के बारे में सोचते हैं।भाजपा सरकारों की पहचान ही है – गुड गवर्नेंस- पीएम मोदी


बिहार तो सबसे खास है।अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है- बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है: पीएम मोदी


बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है।बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है !बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं!बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है!ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है: पीएम मोदी


मैं बिहार के अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा,आपने एक बार फिर सिद्ध किया है कि बिहार क्यों लोकतंत्र की ज़मीन कहा जाता है।आपने फिर सिद्ध किया है कि वाकई, बिहारवासी पारखी भी हैं और जागरूक भी: पीएम मोदी


हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता, नीतीश जी के नेतृत्व में NDA के कार्यकर्ता, हर बिहारवासी के साथ, इस संकल्प को सिद्ध करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे: पीएम मोदी

मैं कल से टीवी पर देख रहा हूं, अखबारों में चर्चा है Silent Voters को लेकर।BJP के पास Silent Voters का एक ऐसा वर्ग है जो उसे बार-बार वोट दे रहा है, निरंतर वोट दे रहा है।ये Silent Voters हैं, देश की माताएं, बहनें, महिलाएं, देश की नारीशक्ति:पीएम मोदी


21वीं सदी का भारत, एक नए मिजाज का भारत है।न हमें आपदाएं रोक सकती हैं और न ही बड़ी-बड़ी चुनौतियां।मैं एक नए भारत के उदय को देख रहा हूं।एक ऐसा भारत, जो आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जो अपने सामर्थ्य को पहचानता है, जो अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत है, गंभीर है: पीएम मोदी


जब दुनिया के अनेक देश थम गए थे, हमारे देश ने नई नीतियां भी बनाईं, नए निर्णय भी लिए।कृषि क्षेत्र में लिए गए ऐतिहासिक सुधार हुए कोरोना काल में।ऐतिहासिक श्रम सुधार हुए, कोरोना काल में।नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया गया- कोरोना काल में: पीएम मोदी


स्पेस सेक्टर को सभी के लिए खोला गया-कोरोना काल मेंदेश के सभी गांवों को ब्रॉडबैंड से जोड़ने का अभियान शुरू हुआ- कोरोना काल में नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन शुरू हुआ-कोरोना काल में गांव की जमीन और घर के लिए प्रापर्टी कार्ड देने वाली स्कीम- स्वामित्व योजना शुरू हुई कोरोना काल में:पीएम मोदी


भारत के लोकतंत्र में डगर-डगर पर, परिपक्वता के दर्शन होते हैं।भारत की युवा पीढ़ी, लोकतंत्र के प्रति सच्ची निष्ठा और श्रद्धा रखती है।मजबूत लोकतंत्र में ही उसे अवसर नजर आते हैं और अपने अधिकारों की रक्षा के प्रति वो ज्यादा आश्वस्त रहता है: पीएम मोदी


लेकिन दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है।ये देश का युवा भली-भांति जानता है।परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं: पीएम मोदी


ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है।हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है: पीएम मोदी


पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने। जहां प्रतिभा के साथ न्याय हो और परिश्रम को पुरस्कार मिले। मैं देश के युवाओ को, जिनके दिल में राष्ट्रहित सर्वोपरि है, जिनमें लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्धता है, ऐसे युवाओं को निमंत्रित करता हूं: पीएम मोदी


देश के युवाओं से मेरा आह्वान है, वो आगे आएं और बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं।अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें: पीएम मोदी


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *