देश मे कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच आज से संसद का मानसून सत्र शुरू हो गया है। इस सत्र के शुरुआत से पहले कोरोना की वजह से कई अहम बदलाव किए गए थे। सांसदों के बैठने से लेकर संसद में एंट्री से पहले कोरोना टेस्ट संबंधी कई प्रोटोकॉल जारी किए गए थे। तैयारियों का जायजा खुद लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने लिया था। हालांकि अब जो खबरें आ रही हैं उन खबरों की मानें तो कोरोना का कहर इन तैयारियों पर भारी पड़ता दिख रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा के 25 सांसदों का कोविड टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें 17 सांसद लोकसभा के और 8 सांसद राज्यसभा के हैं। लोकसभा के संक्रमित सांसदों में 12 बीजेपी, वाईआरएस कांग्रेस और शिवसेना के 2-2, डीएमके, आरएलपी के एक-एक सांसद हैं।
संक्रमित सांसदों में मीनाक्षी लेखी, अनंत हेगडे़ और प्रवेश वर्मा सहित 25 सांसद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए लगभग सभी सांसदों ने इसकी जानकारी ट्वीट या सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की है ताकि संपर्क में आये लोग खुद को आइसोलेशन में रख सकें और कोरोना जांच करा सकें।
