बिहार चुनाव 2025: NDA में सीटों का बंटवारा तय — BJP और JDU लड़ेंगे 101-101 सीटों पर

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सीटों का बंटवारा तय कर लिया है। बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को 29 सीटें, और राष्ट्रीय लोक मोर्चा व हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 6-6 सीटें मिली हैं।

यह घोषणा दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शीर्ष नेताओं की औपचारिक बैठक के बाद की गई, जिसमें लंबी चर्चा और कई दौर की सहमति-वार्ता के बाद फैसला हुआ।

इस बार दोनों बड़ी पार्टियों — भाजपा और जदयू — को पिछली बार की तुलना में सीटें कम करनी पड़ी हैं ताकि गठबंधन एकजुट बना रहे।

2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 110 और जदयू ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था। भाजपा ने तब 74 सीटें जीतीं, जबकि चिराग पासवान की एलजेपी ने अलग होकर चुनाव लड़ा, जिससे वोटों का बंटवारा हुआ और जदयू 43 सीटों तक सिमट गई थी।

अब चिराग पासवान की वापसी से NDA को कितना फायदा होगा, यह चुनाव नतीजे तय करेंगे।

उधर, महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अभी भी गतिरोध बना हुआ है। बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी के बीच जल्द ही दिल्ली में बैठक होगी।

विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी भी नाराज़ चल रहे हैं और वे भी बातचीत के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *