बिहार की सियासत में आज से चुनावी माहौल गर्माने वाला है। चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान करेगा। 243 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान 22 नवंबर से पहले पूरा किया जाएगा, क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल इसी दिन समाप्त हो रहा है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर को जारी की गई। इस सूची में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं — राज्य के मतदाताओं की संख्या में करीब 38 लाख की कमी दर्ज की गई है। जनवरी 2025 में कुल मतदाता 7.8 करोड़ थे, जो अब घटकर 7.42 करोड़ रह गए हैं।
नए मतदाता सूची में 21.53 लाख नाम जोड़े गए, जबकि 3.66 लाख नाम हटाए गए। दिलचस्प बात यह है कि पुरुष मतदाता 3.8% (15.5 लाख) घटे हैं, वहीं महिला मतदाताओं में गिरावट 6.1% (22.7 लाख) तक पहुँची है।
इन आंकड़ों ने विपक्ष को हमलावर बना दिया है और सत्तारूढ़ दलों के लिए यह चुनाव और भी चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है। अब सबकी निगाहें शाम 4 बजे होने वाले चुनाव आयोग के ऐलान पर टिकी हैं।
