पीएम ने राष्ट्र के नाम दिया संबोधन, आत्मनिर्भर भारत पर बल, वैक्सीन पर की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को देश को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 100 करोड़ वैक्सीन डोज़ लगाये जाने को लेकर देश को बधाई और संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्र को संबोधित करते हुए लोगों को सावधान रहने के लिए कहा और कहा कि “कवच कितना ही उत्तम हो, कवच कितना ही आधुनिक हो, कवच से सुरक्षा से पूरी गारंटी हो तो भी जबतक युद्ध चल रहा है हथियार नहीं डाले जाते।

मेरा आग्रह है कि हमें अपने त्योहारों को पूरी सतर्कता के साथ ही मनाना है।” प्रधानमंत्री मोदी ने 100 करोड़ कोरोना के खिलाफ वैक्सीन डोज का आंकड़ा पार करने पर बधाई देते हुए कहा कि 21 अक्टूबर को भारत ने 100 करोड़ वैक्सीन खुराक देने का कठिन, लेकिन असाधारण लक्ष्य हासिल किया।

दीवाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “पिछली दिवाली पर बीमारी के कारण तनाव था, इस बार 100 करोड़ वैक्सीन के कारण उत्साह है।

लेकिन अभी भी बिना मास्क लगाए घर से बाहर नहीं निकलना है।” इसके अलावा प्रधानमंत्री ने कहा कि “देश नए लक्ष्य तय करना और उन्हें हासिल करना जानता है। हमारी ये सफलता हमें नया आत्मविश्वास दिलाती है।”उन्होंने सभी को ‘मेड इन इंडिया’ खरीदने पर जोर देते हुए वोकल फॉर लोकल को व्यवहार में लाने की पैरवी की।

और साथ ही विश्वास दिखाते हुए कहा कि “मुझे विश्वास है कि हम ये करके रहेंगे।” उन्होंने कृषि, खेल, टूरिज्म पर बात करते हुए इन सब को सकारात्मक बताया। कृषि को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि “रिकॉर्ड स्तर पर फसलों की खरीदारी हो रही है।

कोरोना काल में कृषि क्षेत्र ने हमारी अर्थव्यस्था को थामे रखा।” बढ़ते निवेश और अवसर पर उन्होंने बताया कि “देश में नई-नईं कपनियां निवेश ला रही हैं और देश के युवाओं के लिए नौकरियां भी लेकर आ रही हैं।” प्रधानमंत्री मोदी ने देश और विदेश की एजेंसियों को भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक बताया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *