असम के प्रिय गायक जुबिन गर्ग का 19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान निधन हो गया। रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गुवाहाटी लाया गया, जहां हजारों प्रशंसकों ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किए।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि सिंगापुर हाई कमीशन से मिला डेथ सर्टिफिकेट मौत का कारण डूबना बताता है। उन्होंने कहा— “यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं है, हम रिपोर्ट जल्द मंगवाने की कोशिश कर रहे हैं।” इसके लिए राज्य सरकार ने सिंगापुर दूतावास से संपर्क साधा है और CID भी जांच करेगी।
त्योहार में शामिल होने गए जुबिन गर्ग को डाइविंग के दौरान सांस लेने में परेशानी हुई थी। आयोजकों के अनुसार, CPR देने के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और अस्पताल में 2:30 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया।
सरकार ने घोषणा की है कि गायक का अंतिम संस्कार 23 सितंबर की सुबह कामरकुची गाँव में राज्य सम्मान के साथ होगा। पार्थिव शरीर को अर्जुन भोबेस्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से अंतिम यात्रा पर ले जाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह लगातार हालात की जानकारी ले रहे हैं और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
गुवाहाटी में रविवार को खेल परिसर में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि जुबिन गर्ग केवल गायक नहीं, बल्कि असम की आत्मा की आवाज़ थे।
