देश मे कोयले की कोई कमी नही, भ्रम फैला रहा विपक्ष- बिजली मंत्री आरके सिंह

देश के कई राज्यों में कोयले की गहराते कमी और बिजली संकट की खबरों के बीच केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने बड़ा बयान दिया है।  आज पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में ऊर्जा मंत्री ने कोयले की कमी से निपटने के लिए इंतजामों पर चर्चा की।

इस बैठक के बाद आरके सिंह ने बड़ा बयान देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। “इस तरह की खबरें निराधार हैं। ना तो संकट कभी था, न आगे होगा” उन्होंने कहा।

“हमारे पास आज के दिन में कोयले का चार दिन से ज़्यादा का औसतन स्टॉक है, हमारे पास प्रतिदिन स्टॉक आता है। कल जितनी खपत हुई, उतना कोयले का स्टॉक आया ” केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि दिल्ली में जितनी बिजली की आवश्यकता है, उतनी बिजली की आपूर्ति हो रही है और होती रहेगी।

उनका कहना है कि बिना आधार के यह पैनिक इसलिए हुआ क्योंकि गेल ने दिल्ली के डिस्कॉम को एक मैसेज भेज दिया कि वो बवाना के गैस स्टेशन को गैस देने की कार्रवाई एक या दो दिन बाद बंद करेगा। वह मैसेज इसलिए भेजा गया क्योंकि उसका कांट्रैक्ट समाप्त हो रहा है।

बिजली संयंत्रों में कोयले की कमी पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी पर भी उन्होंने घेरते हुए कहा कि “दुर्भाग्य से कांग्रेस पार्टी के पास विचार खत्म हो गए हैं। उनके पास वोट खत्म हो रहे हैं और इसलिए उनके पास विचार भी खत्म हो रहे हैं। आरके सिंह ने आगे बताया कि “हर दिन हमारे अधिकारी कोयले के स्टॉक की निगरानी कर रहे हैं।

आज के दिन में करीब 4 दिन से ज्यादा का स्टॉक हमारे पास है। कल 1.8 मिलियन टन की खपत हुई, उतना स्टॉक मिला।” उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा, “जो 17 दिन के स्टॉक से 4 दिन का आ गया था, वो अब फिर से बढ़ेगा। इसकी भी चिंता करने की जरूरत नहीं है।”

राज्यों की ओर से बिजली आपूर्ति को लेकर पत्र लिखने की बात पर उन्होंने जवाब दिया कि “जितनी बिजली की जरूरत है, उतनी पैदा हो रही है। जिसे जितनी जरूरत है, उसे उतनी सप्लाई हो रही है। अगर कहीं नहीं हो रही है तो हमें बता दीजिए।

जितने पावर की जरूरत होगी, हम उतनी सप्लाई करेंगे। आज हमारे पास 4.5 दिन का कोयले का स्टॉक है तो ये कहना है कि जितने कोयले की जरूरत थी, उतना नहीं मिला, ये कहना भ्रामक है। आपको जितना चाहिए, आपको मिलेगा।” मंत्री ने स्पष्ट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *