दिल्ली दहलाने की आतंकी साजिश हुई नाकाम, एक आतंकी हुआ गिरफ्तार

दिल्ली में त्योहारों के सीजन में पुलिस ने आतंकी हमलों की साज़िश को नाकाम किया है। त्योहारों के दौरान इस बड़े आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया गया था जिसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने हमले की बड़ी साजिश रच रहे पाकिस्तानी आतंकी को मंगलवार को लक्ष्मीनगर के रमेश पार्क से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए आतंकी की पहचान मुहम्मद अशरफ उर्फ अली के रूप में की गई है, जो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके पास से अत्याधुनिक हथियार, एके-47 फेक आइडी, दो पिस्तौल 50 राउंड गोलियां और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना की निगरानी में इस पूरे आपरेशन को अंजाम दिया गया। स्पेशल सेल की टीम फिलहाल पूरी साजिश को लेकर आतंकी से पूछताछ कर रही है।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का रहने वाला मुहम्मद अशरफ आईएसआई के इशारे पर भारत में काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से दिल्ली में इन आतंकी हमलों का अलर्ट जारी किया गया था जिसमें पुलिस की स्पेशल टीम को बड़ी कामयाबी मिली।

आतंकी मुहम्मद अशरफ उर्फ अली लक्ष्मीनगर इलाके में अली अहमद नूरी के नाम से रह रहा था और यहीं से दिल्ली को दहलाने की साजिश रच रहा था। दिल्ली पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, विस्फोटक अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी बता दें कि आतंकी असरफ भारतीय पहचान का उपयोग करते हुए 10 साल से अधिक समय से भारत में रह रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *