कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना ने दो आतंकियों को किया ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ शुक्रवार रात शुरू हुई थी और शनिवार तक जारी रही। अधिकारियों के अनुसार, नियंत्रण रेखा (LoC) के पास घुसपैठ की कोशिश की सूचना मिलने पर सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। अलर्ट जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और घुसपैठियों को ललकारा, जिसके बाद आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी मारे गए।

चिनार कॉर्प्स ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बताया – “ऑपरेशन PIMPLE, केरन, कुपवाड़ा: 7 नवंबर को विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त अभियान शुरू किया गया। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर संपर्क स्थापित हुआ और आतंकियों को घेरा गया। दो आतंकवादी मारे गए हैं।”

सुरक्षा बल अब भी इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि किसी अन्य घुसपैठिए की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले 14 अक्टूबर को भी सेना ने कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए दो आतंकियों को ढेर किया था। जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा लगभग 740 किलोमीटर लंबी है, जो बारामूला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों से होकर गुजरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *