व्हाट्सएप ग्रुप बना ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कर रहा है गांवों और ग्रामीणों की समस्याएं हल

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों की समस्याएं हल कर रहे हैं। इसके जरिए गांवों की समस्या जैसे गांवों में सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा आदि का छिड़काव होने में दिक्कत नहीं आ रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दायरे में 124 गांव आते हैं जिनमें सीवर, पानी, सफाई, स्ट्रीट लाइट, एंटी लार्वा के छिड़काव से जुड़ी शिकायतें आती रहती हैं। जन स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों की इस समस्या का हल निकालकर सभी गांवों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बना दिया, जिसमें गांव के प्रधान, स्वयंसेवी संगठन, जनप्रतिनिधि और प्राधिकरण के सभी संबंधित महकमों के लिए अधिकारीगण जुड़े हुए हैं। ग्रामीण गांव की समस्या व्हाट्सएप के जरिए आसानी से भेज देते हैं या पानी, सफाई, सीवर, एंटी लार्वा का छिड़काव आदि से जुड़ी शिकायतों की सूचना और फोटो ग्रुप पर डाल देते हैं जिसके बाद ग्रुप से जुड़े प्राधिकरण के अधिकारी उन शिकायतों का समाधान कर देते हैं।

जिन लोगों को इससे फायदा मिला उनमें खैरपुर गुर्जर निवासी प्रवीण कुमार शर्मा का कहना है कि गांव के मंदिर के पास गंदगी फैली थी, जिसकी शिकायत करते ही अगले दिन टीम पहुंच गई और वहां सफाई करा दी। रौनी गांव के अनिल भाटी का भी कहना हैं कि गांव का व्हाट्सग्रुप बन जाने से अपनी परेशानी को प्राधिकरण तक पहुंचाना बहुत आसान हो गया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम सलिल यादव ने बताया कि इससे किसी भी गांव के निवासी को प्राधिकरण से जुड़ी शिकायत के लिए प्राधिकरण दफ्तर आने की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। उनकी समस्या व्हाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट करते ही प्राथमिकता पर समाधान कर दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *