बिग बुल राकेश झुनझुनवाला शुरू करेंगे नई एयरलाइन्स, जानें नाम

भारतीय शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला की एयरलाइन नई एयरलाइन अकासा एयर को मोदी सरकार की ओर से हरी झंडी मिल गई है। होल्डिंग कंपनी एसएनवी एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने सोमवार को अपने बयान में बताया कि उसे नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नई एयरलाइन ‘अकासा एयर’ को लेकर नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी कर दिया है। अब राकेश झुनझुनवाला की एयरलाइन अकासा एयर भी जल्द ही आसमान में उड़ान भर सकेगी। कंपनी ने कहा कि नई एयरलाइन का लक्ष्य 2022 की गर्मियों तक ऑपरेशन शुरू करने का है।

अकासा एयर को जेट एयरवेज के पूर्व सीईओ विनय दुबे का भी समर्थन मिला है। दुबे ने कहा,”हम सिविल एविएशन मिनिस्ट्री के इस सहयोग से बेहद खुश हैं और उनके द्वारा एनओसी दिए जाने के लिए आभारी हैं।”

जानकारी के मुताबिक इस नई एयरलाइन के सीईओ भी विनय दुबे ही होंगे। उन्होंने आगे कहा, “हम अकासा एयर को सफलतापूर्वक लॉन्च करने के लिए आवश्यक सभी अतिरिक्त अनुपालनों पर रेगुलेटरी अथॉरिटीज के साथ काम करना जारी रखेंगे।”

इस एयरलाइन की योजना अगले चार वर्षों में लगभग 70 विमानों के संचालन करने का है। एयरबस के चीफ कमर्शियल ऑफिसर द्वारा पिछले हफ्ते यह जानकारी साझा की गई थी कि उनकी कंपनी विमान खरीदारी को लेकर अकासा एयर के साथ बातचीत कर रही है।

दो महीने पहले आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अकासा एयर अमेरिकी प्लेन मैन्यूफेक्चरर कंपनी बोइंग के साथ भी बातचीत कर रही है ताकि वह बोइंग से बी737 मैक्स प्लेन खरीद सके। इस नई एयरलाइन कंपनी के बोर्ड में शामिल इंडिगो के पूर्व प्रेसीडेंट आदित्य घोष ने कंपनी को सरकार से एनओसी मिलने पर विनय दुबे और उनकी टीम को बधाई दी है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *