जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में आज,मंगलवार 21 सितंबर को भारतीय सेना का एक चॉपर घने जंगल में खराब मौसम के चलते दुर्घटना का शिकार हो गया। क्रैश होने के बाद इसमें सवार दोनों पायलट घायल हो गए, जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
राज्य के ऊधमपुर जिले के शिवगढ़ धार में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश होने से सेना के दोनों पायलट की मृत्यु हो गई जिनकी पहचान मेजर अनुज राजपूत और रोहित कुमार के रूप में हुई है। ऊधमपुर रियासी रेंज के डीआईजी सुलेमान चौधरी ने इसे धुंध ज्यादा होने के कारण हेलीकॉप्टर क्रैश या क्रैश लैंडिंग का हादसा बताया।
जम्मू के एक रक्षा प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी को बताया था, “आज पटनीटॉप क्षेत्र में एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान भारतीय सेना का चीता हेलीकॉप्टर जिले के शिवगढ़ धार इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस क्रैश में दो पायलट घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यह घटना पूर्वाह्न 10 बजकर 30 मिनट से 10 बजकर 45 मिनट के बीच हुई। यह हेलीकॉप्टर सेना की एविएशन (विमानन) कोर का है।” उत्तरी कमान के एक रक्षा प्रवक्ता ने इस दुर्घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है और सेना इस बारे में बयान जारी करेगी।
शिवगढ़ धार में मौसम गड़बड़ होना इसके पीछे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि इस बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसी बीच कश्मीर पुलिस के बताए अनुसार, “सबसे पहले स्थानीय लोगों ने पटनीटॉप इलाके में एक चॉपर को नीचे गिरते देखा था। हम लोग इसके बाद उस जगह पर पहुंचे थे।”
पीआरओ डिफेंस जम्मू ने पुष्टि की कि क्रैश में घायल हुए दोनों पायलटों की मौत हो गई। भारतीय सेना में नॉर्दर्न कमांड की ओर से पहचान करते हुए कहा गया “जीओसी-इन-सी, उत्तरी कमान, लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी और सभी रैंक बहादुर मेजर रोहित कुमार और मेजर अनुज राजपूत को सलाम करते हैं, जिन्होंने 21 सितंबर को पटनीटॉप में ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। हम उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”
