उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी जोरदार टक्कर

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी स्लीपर कोच बस को तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर लगने से बस में सवार और उसके नीचे सो रहे 18 यात्रियों की मौत हो गई और 23 से ज्यादा घायल हैं।

10 की हालत नाजुक है, जिन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। आज बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस दुर्घटना में मारे गए और घायलों के नाम और पते की जानकारी दी है।

हादसा बाराबंकी के रामसनेही घाट थाना क्षेत्र में हुआ। बस में करीब 130 यात्री सवार थे जिसकी क्षमता केवल 40-50 लोगों की थी। बताया जा रहा है कि हिसार में खराब हुई एक दूसरी बस के यात्री भी इसी में सवार हो गए थे। ओवरलोड होने की वजह से बस का एक्सल टूट गया।

इसे ठीक करने के लिए ड्राइवर ने बस को हाईवे पर कल्याणी नदी के पुल पर खड़ा कर दिया था। यात्रियों को नींद आ रही थी इसलिए वे बस के नीचे और उसके आसपास लेट गए। रात 11:30 बजे लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने ही पुलिस को सूचना दी और रेस्क्यू शुरू किया गया। देर तक चले रेस्क्यू के कारण करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

हादसे के शिकार लोगों ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री बिहार के सीतामढ़ी, सुपौल सहित अलग-अलग जिलों के रहने वाले मजदूर थे। ये धान की रोपाई के लिए अपने-अपने गांव वापस जा रहे थे।

इस दर्दनाक घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविद सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद, नीतीश कुमार, मायावती समेत तमाम नेताओं ने दु:ख जताया है।

राष्ट्रपति ने बाराबंकी हादसे पर दु:ख व्यक्त करते हुए लिखा, “बाराबंकी, उत्तर प्रदेश में हुए सड़क हादसे में अनेक लोगों की असमय मृत्यु की खबर से अत्यंत पीड़ा हुई है। दु:ख की इस घड़ी में, शोकग्रस्त परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री ने भी उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में लखनऊ-अयोध्या हाइवे पर हुए बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाने का ऐलान किया है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने सभी घायलों के मुफ्त इलाज करने के निर्देश दिए हैं। बाराबंकी के जिलाध्यक्ष और एसपी घायलों को उनके घर तक भेजने का इंतजाम करेंगे।

कहा है कि इस हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज व बिहार लाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से समन्वय किया जा रहा है।

Read More

  1. सदन में चल रहे हंगामे को लेकर सभापति वेंकैया नायडू ने जाहिर की चिंता
  2. शादी करने के लिए राज कुंद्रा ने ऐसे मनाया था शिल्पा शेट्टी को
  3. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोहराई जातीय जनगणना की मांग, साथ आए तेजस्वी यादव

One thought on “उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी जोरदार टक्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *