दिल्ली के दिल दहलाने वाले हादसे में गुरुवार सुबह एक पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) वैन ने 55 वर्षीय चायवाले गंगाराम तिवारी को कुचल दिया। घटना सुबह करीब 5 बजे रामकृष्ण आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास हुई।
पीड़ित के बेटे ने आरोप लगाया कि वैन में दो पुलिसकर्मी और एक महिला सवार थे और सभी नशे में थे। “वैन चढ़कर सीधे रैंप पर आई और मेरे पिता को कुचल दिया। गाड़ी में शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। यह पुलिस वाले यहां रोज़ आकर पीते हैं,” बेटे ने ANI को बताया।
गंगाराम तिवारी का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दिल्ली पुलिस ने वैन में सवार एएसआई और कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच कराई जाएगी और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू हो गई है।
यह हादसा उस समय हुआ है जब हाल ही में हरियाणा के पलवल में भी एक नशे में धुत पुलिसकर्मी की तेज़ रफ़्तार कार ने तीन स्कूली भाइयों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दो मासूमों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
