दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों पर हुई बड़ी कार्रवाई, 30 घुसपैठिए गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत उत्तर-पश्चिम जिले के भारत नगर इलाके से 30 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें 15 पुरुष, 12 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं, जो बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। ये लोग बीते कुछ वर्षों से दिल्ली में असंगठित क्षेत्रों में काम कर रहे थे और कई ट्रैफिक सिग्नलों पर भीख मांगते पाए गए।

उत्तर-पश्चिम जिले के डीसीपी भीष्म सिंह के अनुसार, यह कार्रवाई मई महीने में चलाए गए निगरानी अभियान के बाद की गई, जिसमें इनकी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी गई थी। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र और प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल किए गए पांच स्मार्टफोन बरामद हुए। यह ऐप सीमापार गोपनीय संचार के लिए प्रयोग होता है और भारत में प्रतिबंधित है।

पूछताछ में इन लोगों ने कबूल किया कि वे दलालों की मदद से अवैध रूप से भारत में घुसे थे। अब सभी के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और उन्हें डिटेंशन सेंटर में भेजा गया है।

यह ऑपरेशन दिल्ली पुलिस के उस बड़े अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पिछले छह महीनों में करीब 800 अवैध बांग्लादेशियों को देश से वापस भेजा गया है। फिलहाल पुलिस इन घुसपैठों में शामिल दलालों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है। यह कदम देश की सुरक्षा और अवैध प्रवास पर नियंत्रण की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *