ऋषभ पन्त फिर घायल, गंभीर चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर होने का खतरा

मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत एक बार फिर चोटिल हो गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ तेज़ शुरुआत करने वाले पंत को क्रिस वोक्स की यॉर्कर पर रिवर्स स्वीप खेलते हुए गेंद उनके दाएं पैर के जूते पर लग गई। शॉट चूक गया, गेंद अंदर लगी और जब जूता उतारा गया, तो पैर सूजा और चोटिल दिखा।

पंत, जिन्हें आमतौर पर तेज़ दर्द सहने वाला खिलाड़ी माना जाता है, इस बार दर्द में कराहते नजर आए और उन्हें गोल्फ कार्ट से मैदान से बाहर ले जाया गया। पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कहा, “अगर पंत जैसे खिलाड़ी इस तरह दर्द में दिखें तो चोट गंभीर ही होगी। सुबह तक सूजन और बढ़ सकती है। उम्मीद है कि हड्डी टूटी या क्रैक न हुई हो।”

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग ने आशंका जताई कि यह मेटाटार्सल चोट हो सकती है। “जैसे ही चोट लगी, वो 6-8 मिनट तक जमीन पर लोटते रहे। अगर हड्डी टूटी है तो वह पूरा मैच मिस कर सकते हैं।”

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथर्टन ने कहा कि अगर पंत सीरीज़ से बाहर हो जाते हैं, तो यह भारत के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।

अब फैन्स और टीम मैनेजमेंट दोनों यही दुआ कर रहे हैं कि पंत की चोट उतनी गंभीर न हो जितनी लग रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *