उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर से एक बार फिर समाज को शर्मसार करने वाली खबर आई है। यह खबर हमें इसी समाज मे रह रहे कुछ घटिया मानसिकता वाले लोगों के प्रति गुस्से से भर देती है। खबर के मुताबिक बुलंदशहर-औरंगाबाद रोड पर मनचलों में एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। इसी क्रम में लड़की की बाइक अनियंत्रित हुई और वह सड़क पर गिर पड़ी। इस हादसे में लड़की की मौत हो गई वहीं लड़की के चाचा घायल हो गए।
इस हादसे में घायल लड़की के चाचा ने बताया कि मनचले हमारा पीछा कर रहे थे। इस बात का अंदाज़ा सुदीक्षा को भी था। कभी लड़के ओवरटेक कर आगे निकल जाते तो कभी स्टंट करने लगते। लड़कों की बुलेट पर जाट लिखा हुआ था इससे साफ है कि वह आसपास के गाँव के रहने वाले थे। वहीं पुलिस के अनुसार एक्सीडेंट के वक़्त मौजूद लोगों से पूछताछ की गई लेकिन छेड़छाड़ की घटना उस वक़्त किसी ने भी नही बताई। जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि मृत लड़की सुदीक्षा भाटी पढ़ने में काफी होनहार थी। वह बुलंदशहर जिले की टॉपर भी रही थी। इसी मेहनत की बदौलत उसे सरकार की तरफ से लगभग 4 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप भी मिली थी और वह अमेरिका के बॉब्सन कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। 20 अगस्त को उसे वापस अमेरिका लौटना था। इसी बीच यह हादसा हो गया। इस हादसे पर बसपा सुप्रीमो मायावती सहित कई बड़े नेताओं ने दुख व्यक्त किया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मनचलों की छेड़छाड़ बनी होनहार छात्रा की मौत की वजह, कड़ी मेहनत से तय किया था अमेरिका का सफर
