अभिनेत्री कंगना रनौत पर दर्ज हुआ देशद्रोह का केस, सुशांत केस में भी देती रही हैं बेबाक बयान

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत पर देशद्रोह का केस दर्ज किया गया है। यह केस हरियाणा के गुरुग्राम में दर्ज कराया गया है। इस केस में देशद्रोह जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कंगना पर यह केस ट्विटर पर की गई एक टिप्पणी के बाद दर्ज कराया गया है। कंगना ने 25 अगस्त को किए अपने एक ट्वीट में संविधान में आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ लिखा था। जिसके चलते अब वो मुश्किलों में घिरी हुई नजर आ रही हैं।


कंगना ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए देश के संविधान में आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ एक पोस्ट में भारतीय संविधान को जातिवादी बताया और ऐसे संविधान को खत्म करने की बात कही थी। इस पोस्ट के खिलाफ अखिल भारतीय भीमसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतपाल तंवर ने कंगना के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की शिकायत दर्ज कराई है।


कंगना पर आरोप है कि उन्होंने अपने पोस्ट के जरिए जनता को इस बारे में बात करने के लिए उकसाया और भड़काया। जाति व्यवस्था का हवाला देकर एससी/एसटी व ओबीसी व सामान्य वर्ग को आपस को लड़ाने की कोशिश की जो कि देश विरोधी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आपको बता दें कि कंगना सुशांत सिंह राजपूत मामले में लगातार अपनी आवाज़ बुलंद करती रही हैं और उनकी पहचान बेबाक अभिनेत्री की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *