झारखंड राजधानी रांची में अपनी सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव से अब नेताओं की होने वाली मुलाकात मुश्किल भरी हो सकती है। पहले की तरह अब जाकर उनसे मिल लेना शायद संभव न हो पाए। ऐसा हुआ है प्रशासन के उस आदेश से जिसमे कहा गया है कि अन्य प्रदेशों से आने वाले लोगों को अनिवार्य तौर पर 14 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी करनी होगी। हालांकि इसमें यह जोड़ा गया है कि अगर प्रशासन से संपर्क नही किया गया तो क्वारंटाइन किया जाएगा।
यह खबर लालू की पार्टी राजद के उन तमाम नेताओं के लिए मुश्किल भरी साबित हो सकती है जो आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनसे मुलाकात की योजना बना रहे हैं। अगर उन्हें टिकट की चाह में लालू से मिलना पड़ा तो झारखंड में उन्हें 14 दिन क्वारंटाइन किया जा सकता है और चुनावी तैयारियों पर इसका असर पड़ सकता है। आपको बता दें कि बड़ी संख्या में नेता बिहार से झारखंड पहुंच राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव से मिल रहे थे इसपर विपक्ष ने गंभीर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद ही रांची जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है।