हरियाणा के करनाल जिले में मंगलवार को तीन मंजिला राइस मिल की इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
घटना जिले के तरावड़ी कस्बे के शिव शक्ति राइस मिल में तड़के करीब तीन बजे हुई। जब लगभग 200 मजदूर सो रहे थे, इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल की छत ढह गई, जिससे चार प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई।
करनाल के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के अनुसार, सभी मृतकों की पहचान प्रवासी श्रमिकों के रूप में की गई है और उनके शवों को बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
कई श्रमिकों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है और वर्तमान में दमकल, पुलिस और एंबुलेंस की मदद से बचाव कार्य जारी हैं।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को बुलाया गया है और भारी पुलिस तैनाती की गई है क्योंकि घटना स्थल पर सैकड़ों मजदूर जमा हो गए हैं। घटना के बारे में और जानकारी का अभी इंतजार हैं।
