बिहार विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। नेता एक दूसरे पर जमकर शब्दबाण चला रहे हैं। कहीं उपलब्धियों के सहारे वोट मांगे जा रहे तो कहीं नाकामियां बताई जा रही है।
इसी क्रम में आज नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के स्टार प्रचारक तेजस्वी यादव आज कटोरिया विधानसभा अंतर्गत बौंसी प्रखंड के सीएनडी हाइस्कूल के मैदान में पहुंचे।
तेजस्वी यहां से राजद की विधायक और उम्मीदवार स्वीटी सीमा हेम्ब्रम के प्रचार में पहुंचे। तेजस्वी के यहां पहुंचते ही मैदान जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा और उत्साह देखने लायक था। तेजस्वी ने माइक संभालते ही बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला।
तेजस्वी ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि एक 30-32 साल के मैरि जैसे लड़के से लड़ने के लिए बीजेपी ने 30 हेलीकाप्टर और बहुत सारे नेताओं को लगा रखा है। इसके बाद उन्होंने कहा कि नीतीश ने महागठबंधन को धोखा नही दिया बल्कि बिहार के 12 करोड़ लोगों को धोखा दिया।
इसके अलावा तेजस्वी ने शराबबंदी और बेरोजगारी के मामले पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि आप स्वीटी को नही तेजस्वी को वोट कर रहे हैं। यहां सभा को संबोधित करने के बाद वह सुल्तानगंज के लिए निकल गए।
तेजस्वी ने कहा कि आज उनकी कुल 13 सभाएं होनी है। आपको बता दें कि आज सुबह ही तेजस्वी ने राजद का घोषणापत्र ‘प्रण हमारा’ नाम से पटना में जारी किया है।
