इस्लामिक विद्वान कहे जाने वाले मौलाना कलीम सिद्दीकी को उत्तर प्रदेश की आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) ने धर्मांतरण के मामले में गिरफ्तार किया है। एटीएस के आईजी डॉ.जी.के गोस्वामी ने बताया कि गिरफ्तारी रात को मेरठ से की गई।
एडीजी प्रशांत कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 20 जून को अवैध धर्मांतरण गिरोह संचालित करने वाले लोग गिरफ्तार गिए गए थे जिनके संबंध में एफआईआर दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि उमर गौतम और इसके साथियों को ब्रिटिश आधारित संस्था से लगभग 57 करोड़ रुपये की फंडिंग की गई थी जिसके खर्च का ब्योरा अभियुक्त नहीं दे पाए।
सूत्रों का कहना है कि कलीम सिद्दीकी की गिरफ्तारी धर्मांतरण के मामले में मेरठ से की गई है जिसपर संदिग्ध गतिविधियां होने का शक जताया गया था। मौलाना ग्लोबल पीस सेंटर के अध्यक्ष और जमीयत-ए-वलीउल्लाह का अध्यक्ष भी हैं।
प्रदेश के मेरठ जनपद से देर रात करीब नौ बजे इस्लामिक विद्वान मौलाना को एटीएस टीम ने गिरफ्तार किया। रात नौ बजे मौलाना अपने साथियों के साथ जैसे मेरठ से फुलत के लिए रवाना हुए थे, इसी दौरान उन्हें पकड़ लिया गया।
रात में घर न लौटने पर जब परेशान परिजनों ने छानबीन की तब इस गिरफ्तारी का पता चल पाया। 64 वर्षीय इस्लामिक विद्वान संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। फिलहाल पुलिस की उससे पूछताछ जारी है।
एटीएस के प्रवक्ता के अनुसार मौलाना कलीम सिद्दीकी यूपी के मुजफ्फरनगर के फूलत का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, इस्लामिक मौलवी जामिया इमाम वलीउल्लाह ट्रस्ट चलाता है जो कई मदरसों को फंड करता है जिसके लिए सिद्दीकी पर विदेशी फंडिंग हासिल करने का आरोप है।
राज्य के अतिरिक्त महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा, “जांच में सामने आया कि मौलाना कलीम के ट्रस्ट को बहरीन से 1.5 करोड़ रुपये सहित विदेशी फंडिंग में 3 करोड़ रुपए मिले।” इस केस की जांच के लिए एटीएस की छह टीमों का गठन किया गया है।
एटीएस के महानिरीक्षक जीके गोस्वामी ने बताया कि सिंडिकेट ने भारत में लगभग एक हजार लोगों का धर्मांतरण किया है। मुफ्ती काजी जहांगीर आलम कासमी और मोहम्मद उमर गौतम को जून में दिल्ली के जामिया नगर इलाके से बधिर छात्रों और गरीब लोगों को धर्मांतरण की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
टीवी अभिनेत्री सना खान का निकाह भी मौलाना कलीम सिद्दीकी ने कराया था। सना खान ने नवंबर 2020 में मुफ्ती अनस से शादी की थी जिसके पहले वह सिनेमा जगत छोड़ धार्मिक रुख़ अपना चुकीं हैं।
इस गिरफ्तारी को लेकर अखिलेश यादव की सपा ने कड़ी निंदा की है। एटीएस द्वारा धर्म परिवर्तन सिंडिकेट चलाने के आरोप में मौलाना कलीम सिद्दीकी की गिरफ्तारी पर पार्टी के सांसद शफीकुर रहमान बरक ने कहा कि भाजपा सरकार के पास मुसलमानों को परेशान करने के अलावा कोई काम नहीं है।
