पश्चिम बंगाल : कूचबिहार में डीजे के जेनरेटर से वाहन में दौड़ा करंट, जलपेश जा रहे 10 कांवड़ियों की मौत

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में रविवार देर रात यात्रियों से भरी पिकअप वैन में करंट लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वैन जलपेश जा रही थी।

वाहन में करंट लगने के तुरंत बाद, यात्रियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां 10 को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई हैं। 27 में से 16 लोगों को इलाज के लिए जलपाईगुड़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया था क्योंकि उन्हें घटना में मामूली चोटें आई थीं।

पुलिस के मुताबिक घटना वैन में डीजे सिस्टम के जेनरेटर की वायरिंग के कारण हुई होगी। मीडिया से बात करते हुए, एएसपी माताभंगा, अमित वर्मा ने कहा, “आज लगभग 12 बजे, मेखलीगंज पीएस के तहत धारला ब्रिज पर एक घटना हुई, जहां जलपेश जा रहे यात्रियों को ले जा रही एक पिकअप वैन बिजली की चपेट में आ गई।

प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह जनरेटर (डीजे सिस्टम) की वायरिंग के कारण हो सकता है जो वाहन के पिछले हिस्से में लगा था। “उन्हें चंगरबंधा बीपीएचसी लाया गया। उपस्थित चिकित्सा अधिकारी ने 27 में से 16 व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

उन्हें मामूली चोटें लगी हैं, लेकिन पूरी तरह से जांच की जरूरत है। उपस्थित चिकित्सा अधिकारी ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया हैं। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सीतलकुची थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई हैं।

वर्मा ने कहा, “वाहन को जब्त कर लिया गया है लेकिन चालक फरार हो गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस राहत और किसी भी आवश्यक सहायता के लिए समन्वय कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *