इस साल के शुरुआत में हुए दिल्ली दंगों की जांच में जुटी स्पेशल सेल की एक टीम ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय( जेएनयू) दिल्ली के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद को इसी मामले में गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रविवार देर रात 12 बजे के आसपास हुई और इसकी पुष्टि भी कर दी गई है।
उमर खालिद की गिरफ्तारी गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम में दर्ज मामले के तहत की गई है। इससे पहले इस मामले में उमर खकिड सहित अन्य 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इन सभी आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह, हत्या, हत्या का प्रयास और दंगे करने जैसे कई संगीन आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
आपको बता दें कि अब हुई गिरफ्तारी से पहले भी उमर खालिद से पुलिस दो बार पूछताछ कर चुकी है। यह पूछताछ भड़काऊ भाषण देने के मामलों को लेकर की गई थी। इस पूछताछ के दौरान पुलिस ने उमर के उन भाषणों को आधार बनाया था जिसमे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत दौरे से पहले उन्होंने लोगों से सड़कों पर उतरने की अपील की थी।
गौरतलब यह भी है कि दिल्ली दंगों के मामलों में अभी तक कुल 754 अलग अलग एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। 372 मामलों को अभी तक सुलझाया जा चुका है। अलग-अलग आरोपों में 1400 लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है और 200 से ज्यादा चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
