वाराणसी से पीएम मोदी ने चार नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, कनेक्टिविटी और यात्रा सुविधा में बढ़ोतरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।

पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत ट्रेनें भारतीयों द्वारा बनाई गई हैं और यह देश के विकास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अब देश में संचालित वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 160 से अधिक हो गई है। उनके अनुसार, वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे को नई दिशा दे रही हैं।

बनारस-खजुराहो वंदे भारत से यात्रा समय करीब ढाई घंटे कम होगा और यह वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों को सीधे जोड़ेगी।

लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत लगभग एक घंटे का समय बचाएगी और हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत इस मार्ग की सबसे तेज ट्रेन होगी और पंजाब- दिल्ली के बीच व्यापार व रोजगार के अवसर बढ़ाएगी। एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत आईटी प्रोफेशनल्स, छात्रों और पर्यटकों के लिए तेज और आरामदायक यात्रा विकल्प प्रदान करेगी और दक्षिण भारत के राज्यों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *