तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के चार बार के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में हुए इस ऑनलाइन फ्रॉड में उनके खाते से 55 लाख रुपये उड़ा लिए गए। सूत्रों के अनुसार, बनर्जी का एक पुराना स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) खाता था, जिसमें 2001 से 2006 के बीच बतौर विधायक वेतन जमा होता था। लंबे समय से खाते में कोई लेन-देन न होने के कारण वह निष्क्रिय (डॉर्मेंट) हो गया था।
हाल ही में उन्हें पता चला कि उनके निजी खाते (एसबीआई, कालीघाट शाखा) से 55 लाख रुपये उसी निष्क्रिय खाते में ट्रांसफर किए गए, और कुछ समय बाद पूरी रकम उस खाते से निकाल ली गई। बनर्जी ने तुरंत बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। एसबीआई ने कोलकाता पुलिस की साइबर क्राइम डिवीजन में शिकायत दर्ज कर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फर्जीवाड़े में इस्तेमाल किए गए फोटो और मोबाइल नंबर की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, “मामले की गहन जांच चल रही है। बैंक से भी पूछताछ की जा रही है कि कहीं उनकी ओर से कोई लापरवाही तो नहीं हुई।” फिलहाल कल्याण बनर्जी ने मीडिया से दूरी बनाए रखी है, लेकिन उनके करीबी नेताओं का कहना है कि उन्हें उम्मीद है – पुलिस जल्द ही अपराधियों को पकड़कर रकम वापस दिलाएगी।
