गुरुग्राम सेक्टर 57 में 10 जुलाई की सुबह उस वक़्त सनसनी फ़ैल गयी, जब राज्य की टेनिस खिलाडी राधिका यादव (25 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. चौकाने वाली बात यह है की इस हत्या का आरोप राधिका के पिता दीपक यादव (49 वर्ष) पर है, जिन्होंने खुद पुलिस को बताया की उन्होंने अपनी बेटी को गोली मारी ।
पुलिस के मुताबिक, राधिका की हत्या का मुख्य कारण उनके पिता की मानसिक स्थिति और सामाजिक दबाव रहा. ऍफ़आईआर में दीपक यादव ने कबूल किया कि गाँव के लोगों द्वारा “बेटी की कमी पर जीने” के ताने उन्हें असहनीय लगाने लगे थे। राधिका एक पेशेवर टेनिस खिलाड़ी और कोच थीं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह गुरुग्राम में अपनी खुद की टेनिस अकादमी चला रही थीं, और अपने माता-पिता के साथ रहती थीं।
ऐसे प्लान की गयी थी राधिका की हत्या
पुलिस और राधिक की करीबी दोस्त हिमांशिका सिंह राजपूत के अनुसार, दीपक यादव ने हत्या की पूरी योजना पहले से बनाई थी। उन्होंने तीन दिन पहले ही घर के अन्य सदस्यों को बाहर भेज दिया था। यहां तक कि पालतू कुत्ते को भी घर से दूर भेजा गया, ताकि घटना के समय कोई बाधा न आए।
हिमांशिका ने बताया, “राधिका ने मुझे 9 जुलाई की रात बताया था कि पापा कुछ अजीब व्यवहार कर रहे हैं। वो उसे लेकर चिंतित थी।”
शुरुआत में एफआईआर में दावा किया गया था कि दीपक ने पीठ से तीन गोलियां मारीं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस दावे को खारिज कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, राधिक के सीने और पेट में चार गोलियां सामने से मारी गई थीं, जिससे हत्या की मंशा और स्पष्ट हो जाती है।
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई कि राधिका के एक म्यूजिक वीडियो (“कारवां”) में एक मुस्लिम युवक इनाम उल हकके साथ काम करने से उनके पिता नाराज़ थे और यह ‘लव जिहाद’ से जुड़ा मामला है।
हालांकि गुरुग्राम पुलिस ने इन दावों को सिरे से खारिज किया है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया, “यह ‘लव जिहाद’ से जुड़ा मामला नहीं है। हत्या का कारण परिवारिक कलह और बेटी की स्वतंत्रता को लेकर असहमति है।”
पुलिस ने राधिक का मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम अकाउंट जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, फोन से परिवार के बीच के झगड़ों, मानसिक तनाव और धमकियों से जुड़े अहम सबूत मिल सकते हैं।
इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश और संवेदना की लहर पैदा कर दी है। सोशल मीडिया पर #JusticeForRadhika ट्रेंड कर रहा है।
खेल जगत के खिलाडियों ने भी दी अपनी प्रतिक्रिया
पहलवान द ग्रेट खली ने भी राधिका की हत्या पर दुख जताते हुए कहा, “यह घटना समाज के लिए आईना है कि आज भी कई परिवारों में बेटियों की कामयाबी को बोझ समझा जाता है।”
राधिक यादव की कहानी सिर्फ एक होनहार खिलाड़ी की नहीं, बल्कि एक ऐसी बेटी की भी है जो अपने सपनों को जी रही थी और जिन सपनों को उसके अपने ही पिता ने खत्म कर दिया। शहर की अदालत ने शनिवार (12 जुलाई, 2025) को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
