अपराध की आग में झुलसता बिहार, चिराग का नीतीश पर सीधा वार

पटना में बढ़ते अपराध को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “मुझे अफ़सोस है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूँ जहाँ अपराध बेलगाम हो चुका है। अगर सरकार ने तुरंत नियंत्रण नहीं किया, तो हालात बेहद ख़तरनाक हो जाएंगे।”

पासवान ने सवाल उठाया कि जब अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है, तो घटनाएं रुक क्यों नहीं रहीं? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन या तो इन घटनाओं में शामिल है, या उन्हें दबाने की कोशिश कर रहा है, या फिर पूरी तरह विफल हो चुका है।

गया में एंबुलेंस के अंदर एक होम गार्ड महिला अभ्यर्थी के साथ हुए गैंगरेप ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। बीते 30 दिनों में पटना में ही कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या, अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या, दुकानदार विक्रम झा और बालू कारोबारी रामकांत यादव की हत्याएं हो चुकी हैं।

चुनावों से पहले बढ़ते अपराधों को लेकर पासवान ने कहा, “अगर सरकार को बदनाम करने के लिए भी ये घटनाएं कराई जा रही हों, तब भी जिम्मेदारी प्रशासन की ही है कि वो इन्हें रोके।”

उन्होंने सरकार से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की, “अभी नहीं चेते तो बहुत देर हो जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *